सकरिगली-महाराजपुर के बीच तटबंध पुनर्बहाली का काम युद्धस्तर पर, मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण

भागलपुर: साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड में सकरिगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध की पुनर्बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को मालदा टाउन-साहिबगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलमार्ग और रेलवे आधारभूत संरचना की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सकरिगली-महाराजपुर के बीच चल रहे तटबंध पुनर्बहाली कार्य का स्थल निरीक्षण किया।

डीआरएम ने मौके पर पहुंचकर पुनर्बहाली कार्य की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न गतिविधियों की निगरानी की। उन्होंने अभियंत्रण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों तथा पुनर्बहाली कार्य में लगे श्रमिकों के प्रयासों की सराहना की।

कटाव रोकने के लिए लगाए जा रहे बोल्डर:

रेलवे के अनुसार तटबंध को मजबूत करने और गंगा के जल प्रवाह से हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए नदी किनारे तार-जाल में पैक किए गए बोल्डर लगाए जा रहे हैं। पुनर्बहाली कार्य में तेजी लाने के लिए रेलवे कर्मचारी और श्रमिक चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।

रात में भी काम के लिए विशेष व्यवस्था:

चौबीसों घंटे चल रहे कार्य को सुचारु रखने के लिए प्रभावित स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रमिकों के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की गई है। आपातकालीन और बचाव संबंधी इंतजाम भी तैयार रखे गए हैं।कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अनुसार यात्री सुरक्षा और ट्रेन परिचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तटबंध की पुनर्बहाली का काम जल्द पूरा कर रेल परिचालन को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *