श्रीराम सिंह की कप्तानी में दामोदर टीम को 36 रन से हराया, अभिषेक सिंह ने एक ओवर में झटके चार विकेट
रांची: मॉर्निंग क्लब की ओर से आयोजित इंडोर क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में श्रीराम सिंह की कप्तानी वाली मुक़ेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दामोदर टीम को 36 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। चिल्ड्रन्स पार्क, मोरहाबादी स्थित इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।
टॉस जीतकर दामोदर टीम के कप्तान दामोदर दास ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुक़ेश टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 69 रन बनाए। कप्तान श्रीराम सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 25 रन बनाए। वहीं, दामोदर टीम के गेंदबाज श्याम ने किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में मात्र चार रन खर्च किए।
70 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दामोदर टीम मुक़ेश टीम के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 33 रन पर सिमट गई। मुक़ेश टीम के अभिषेक सिंह ने एक ओवर में चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। इस तरह मुक़ेश टीम ने 36 रन से शानदार जीत दर्ज की।
मैच के मुख्य अतिथि समाजसेवी बद्री प्रसाद ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों टीमों के कप्तानों श्रीराम सिंह और दामोदर दास का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी सद्भाव, मित्रता और विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। खेल आयोजनों से अनुशासन, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
मैच की कमेंट्री प्रणव सिंह ने की, जबकि आयोजन को सफल बनाने में मुक़ेश प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट का समापन उत्साह और आपसी सौहार्द के माहौल में हुआ।
दामोदर टीम के खिलाड़ी: दामोदर दास (कप्तान), श्याम, गुड्डू, सूर्यकांत, सुभाषिष, आकाश, विनोद, अश्विनी और रोशन।
मुक़ेश टीम के खिलाड़ी: श्रीराम सिंह (कप्तान), आयुष, दीपक, प्रताप राव, प्रतीक, राहुल बच्चन, प्रदीप गुप्ता, अनुभव, अभिषेक सिंह और विवेक पोद्दार।


