शरद पूर्णिमा आज, बनेंगे दुर्लभ संयोग, आसमान से होगी अमृत की वर्षा

चतरा/पत्थलगडा (गणादेश) : भगवान् श्रीकृष्ण की रासलीला का पावन दिवस और माता लक्ष्मी की आराधना का पर्व पर रविवार को आसमान से अमृत की वर्षा होगी। आश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला शरद पूर्णिमा रविवार को मनाया जाएगा। इस बार शरद पर वर्षों बाद कई दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। पूर्णिमा तिथि, रेवती नक्षत्र के संयोग विशेष फलदायी होंगे। शरद पूर्णिमा अपने साथ कई शुभ संयोग के साथ-साथ शरद ऋतु का सौगात लेकर प्रकट होगा। शरद पूर्णिमा उत्सव के साथ ही दीपों का महापर्व दीपावली और छठ पूजा की तैयारियां प्रारंभ हो जाती है। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा से अमृत की वर्षा होती है। इस दिन चंद्रमा पृथ्वी के सबसे निकट होती है। द्वापर युग में शरद पूर्णिमा की रात ही भगवान श्री कृष्ण गोकुल में 1008 गोपियों के साथ रासलीला किया था। तब भगवान की रासलीला को देखने देवी देवताओं के साथ चंद्रमा भी पृथ्वी के निकट पहुंचा था और अपने अमृत वर्षा से जन जन को तृप्त किया था। लोग शरद पूर्णिमा की रात खीर बनाकर अपने छतों पर खुले आसमान में रखते हैं। खीर का महाप्रसाद रात भर खुले आसमान में रहने के बाद अगले सुबह उसका सेवन किया जाता है। मान्यता है कि रात भर खीर खुले आसमान में रहने से इस रात हुए अमृत की वर्षा से खीर में कई औषधीय गुण बरसते हैं जो पीत रोग से छुटकारा दिलाता है और स्वस्थ जीवन का निर्माण करता है। शरद पूर्णिमा के साथ दिवाली की धूम मच जाएगी। शरद पूर्णिमा के दिन माता लक्ष्मी की भी पूजा होती है। ऐसी मान्यता है कि माता लक्ष्मी रात्रि में विचरण करती है और भक्तों पर धन-धान्य से पूर्ण करती है। इस दिन रात भर जाग कर मां लक्ष्मी के भजन करने चाहिए। कहते हैं मां लक्ष्मी इस दिन रात में जगने और मां लक्ष्मी के अराधना करने वालों को धन और वैभव का आशीर्वाद देती हैं। इस लिए इसे कोजागिरी पूर्णिमा भी कहते हैं। शरद पूर्णिमा पर कुंडली में कमजोर चंद्रमा वाले जातक उपाय करते हैं। चंद्रमा बलवान होने से इस दिन छोटा सा उपाय कमजोर चंद्रमा मजबूत किया जा सकता है। घी के दीपक जलाकर मां लक्ष्मी को प्रसन्न किया जाता है। आश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को चंद्रमा पृथ्वी के अधिक निकट होने से बलवान होगा। चंद्रमा की किरणों की छटा धरती को दूधिया रोशनी से नहलाएगी। इस छटा के बीच पूर्णिमा का त्यौहार मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *