रांची में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती, बापू वाटिका से हटाए गए समर्थक
रांची: दिल्ली के बाद अब रांची में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों के प्रदर्शन का मामला सामने आया है। राजधानी रांची स्थित बापू वाटिका में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन कर रहे पार्टी के समर्थकों को पुलिस ने वहां से हटा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच घंटों तक बहस होती रही।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता बापू वाटिका में धरना देकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने को कहा। इस पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहने की बात कह रहे थे, जबकि पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर आपत्ति जताई।
मौके पर मौजूद डीएसपी ने स्पष्ट कहा कि बिना पूर्व अनुमति के बापू वाटिका में धरना-प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी। काफी देर तक चली बहस के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को बापू वाटिका से हटा दिया।
घटना के दौरान बापू वाटिका में कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।


