मिशन मुस्कान के तहत खूंटी पुलिस ने 53 गुम मोबाइल बरामद कर धारकों को सौंपे
खूंटी : जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे “मिशन मुस्कान” अभियान के तहत खूँटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए कुल 53 मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंप दिया।
महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश के आलोक में चलाए जा रहे अभियान के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने समन्वित कार्रवाई की। मोबाइल की बरामदगी में CEIR पोर्टल सहित अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया गया।
गुम मोबाइल वापस मिलने पर वास्तविक धारकों ने खुशी जताते हुए खूँटी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। एसपी ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिसकर्मियों को मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा CEIR पोर्टल का अधिकतम उपयोग कर बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल से संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि तकनीकी माध्यमों के जरिए जल्द कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही थाना स्तर पर CEIR पोर्टल के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार और जागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी निर्देश दिया गया है।


