बोकारो : एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) से संबद्ध कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आगामी दिसंबर महीने में इस्पातनगरी बोकारो एक ऐतिहासिक खेल प्रतियोगिता का साक्षी बनने जा रही है। एकेएफआई के आवंटन से एसोसिएशन के बैनर तले शहर के सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो की मेजबानी में आगामी 27 से 30 दिसंबर, 2026 तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका) का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पूरे भारतवर्ष के सभी राज्यों के चयनित लगभग 600 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। खिलाड़ियों के आवासन एवं खेलने के लिए भव्य इनडोर एरिया की उपलब्धता डीपीएस बोकारो परिसर में सुनिश्चित की गई है।
शनिवार को इस आशय की जानकारी प्रतियोगिता आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार तथा कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने डीपीएस बोकारो में आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी। डॉ. गंगवार ने कहा कि उक्त राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता की बेहतर मेजबानी के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल पूर्णतया तैयार है। विभिन्न राज्यस्तरीय एवं क्लस्टर स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद राष्ट्र स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन निश्चय ही न केवल विद्यालय परिवार, पब्लिक पूरे बोकारो जिले और समस्त झारखंड प्रदेश के लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए डीपीएस बोकारो के चयन पर उन्होंने एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त किया।एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ठाकुर ने बताया कि झारखण्ड के प्रतिभावान खिलाडियों को उचित मंच देकर उनका भविष्य संवारने का कार्य झारखण्ड के भिन्न-भिन्न जिलों में विविध स्तर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के जरिए कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड करता रहा है। राज्य संघ द्वारा पूर्व के अनुभव को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष बोकारो मे बालिकाओं की राष्ट्रीय सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष तथा झारखण्ड विधानसभा के मुख्य सचेतक (सत्तारुढ़ दल) सह -विधायक, टुण्डी मथुरा प्रसाद महतो के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए श्री ठाकुर ने उनकी ओर से खेल तथा खिलाड़ियों के विकास में राज्य सरकार की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभागीय एवं जिला प्रशासन के सहयोग से यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता नि:संदेह सफल एवं यादगार साबित होगी।हाल ही में जापान में संपन्न एशियन गेम्स से लौटे बोकारो निवासी कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ कई द्रोणाचार्य एवं अर्जुन पुरस्कार-प्राप्त तथा भारतीय सीनियर कबड्डी टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होंगे। वे प्रतिभागियों की हौसला-अफजाई करेंगे।
प्रेसवार्ता में मुकेश कुमार, डॉ. चन्द किशोर ठाकुर, कुमार अमरदीप, मनोरंजन कुमार, हर्ष आर्यन मुकेश अग्रवाल, पवन सिंह, श्वेता कुमारी, पल्लवी, विक्की पाण्डेय, कुलदीप झा आदि उपस्थित रहे।