एयरपोर्ट विस्थापितों ने नामकुम अंचल कार्यालय का किया घेराव, आठ सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

रांची: पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत एयरपोर्ट स्थापित मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को नामकुम अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय घेराव-प्रदर्शन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में विस्थापित रैयत शामिल हुए। प्रदर्शनकारी नामकुम बाजार से पैदल मार्च करते हुए अंचल कार्यालय पहुंचे और विस्थापन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक कार्यालय का घेराव किया गया।
इसके बाद मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी कमल किशोर सिंह से वार्ता कर आठ सूत्री मांगें रखीं। इनमें प्रत्येक विस्थापित परिवार का सर्वे कर 20-20 डिसमिल जमीन का सेटलमेंट कर पुनर्वास करने, जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग प्रमुख रही।
मोर्चा ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अस्थायी रूप से अधिकृत जमीन रैयतों को वापस करने की मांग की। साथ ही, यदि जमीन सेना द्वारा अधिग्रहित की गई है तो उससे संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने, एयरपोर्ट की बाउंड्री के चारों ओर 20 फीट चौड़ा रास्ता बनाने तथा मकान, कुआं और पेड़-पौधों की क्षतिपूर्ति का मुआवजा देने की मांग की गई।
इसके अलावा होल्ड किए गए खातों को चालू करने, पंजी-2 में ऑनलाइन गड़बड़ियों को दूर करने और राज्य विस्थापन आयोग का गठन करने की मांग भी रखी गई।
अंचल अधिकारी ने सौहार्दपूर्ण माहौल में विस्थापितों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने भू-अर्जन कार्यालय से सेना के नाम दर्ज जमीन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात भी कही।
मोर्चा अध्यक्ष अजित उरांव ने कहा कि विस्थापितों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन पर कब्जा कर घर-मकान बनाकर रहने को मजबूर होंगे। कार्यक्रम को महासचिव सुरेश गोप, सचिव प्रकाश टोप्पो, उपाध्यक्ष निकोलस एक्का, पूर्व पार्षद पुष्पा तिर्की, संरक्षक सुखनाथ लोहरा समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *