थ्री ई-एम्प्लॉयमेंट, एम्पावरमेंट और इकोनोमिक ग्रोथ पर कार्यशाला का आयोजन

रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा “थ्री ई—एम्प्लॉयमेंट, एम्पावरमेंट और इकोनोमिक ग्रोथ” विषय पर कार्यशाला का आयोजन चैम्बर भवन में किया गया। इस कार्यशाला के आयोजन में महिला उद्यमिता उप समिति की चेयरपर्सन आस्था किरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि संचालन झारखंड रेडीमेड गारमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष अभिषाभ श्रीवास्तव ने किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य झारखंड को देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में साझा प्रयासों को आगे बढ़ाना था। इस अवसर पर उद्योग विशेषज्ञों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने रोजगार सृजन, महिला उद्यमिता विकास और ग्रामीण कौशल संवर्धन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिप्रा ने संचालन किया। इस दौरान जेआरजीए फाउंडेशन की ‘टेप मॉडल’ की विशेष प्रस्तुति दी गई, जो “मेड इन झारखंड” ब्रांड को प्रोत्साहित करने और महिला कारीगरों एवं एमएसएमई इकाइयों को सशक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल रही।

प्रमुख वक्ता हरनाम सिंह नमधारी, डॉ. सीमा सिंह और आस्था किरण ने कौशल विकास, नवाचार और औद्योगिक प्रगति पर अपने विचार साझा किए। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चैम्बर हमेशा ऐसे प्रयासों को समर्थन देता रहेगा जो झारखंड में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा दें।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष राम बांगड़, प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, निधि झुनझुनवाला, प्रभा त्रिवेदी, राजीव चौधरी, शालिनी अखौरी, स्वाती सिन्हा समेत कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *