मजदूरी करके खा लेना लेकिन शिबू सोरेन जैसा नहीं बनना: बाबूलाल मरांडी

साहेबगंज: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी लगातार हेमंत सरकार पर हमलावर हैं। श्री मरांडी शनिवार को साहेबगंज में भाजपा जनजाति मोर्चा द्वारा आयोजित मोटर साईकिल रैली में शामिल हुए।
श्री मरांडी ने रैली का शुभारंभ भोगनाडीह में अमर शहीद सिदो कान्हु चांद भैरव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव,मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव भी उपस्थित थे।
आदिवासी अधिकार मोटर साईकिल रैली भोगनाडीह से प्रारंभ होकर बरहेट, पंचकठिया,कुंडली, कुसमा,बरगाही,हाथीबाथन,धरमपुर मोड़,मुंह जोड़ा, सिम लौंग,रामपुर,तिलहाबाद,सुंदर मोड़, करमा टांड़,घटयारी,कहुआधाब,बुआरी जोर,कुशबीला,राजा भीठा,नारायणपुर,कुसमा घाटी,मोहनपुर, लल मटिया, धान कुंडा,रामकोला, मडवा टोला, बोरियो ,डुमरिया फुटबॉल मैदान में संपन्न हुई।
रैली का सकड़ों स्थानों पर जनजाति परंपरा एवम पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया।
रैली से पूर्व साहेबगंज में मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं अपने परिवार की आने वाली पीढ़ियों को कहूंगा कि मजदूरी करके पेट भर लेना लेकिन शिबू सोरेन और उनके परिवार की तरह मत बनना।
उन्होंने कहा कि झारखंड से प्रेम करने वाला कोई भी परिवार या व्यक्ति अपने बच्चों को यही सलाह देगा ।शिबू सोरेन उनके आदर्श नही बन सकते।
उन्होंने कहा कि जिसने झारखंड को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिसने अलग राज्य आंदोलन को बेंच दिया वह परिवार झारखंड का आदर्श नही हो सकता।
ईडी की कारवाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ईडी अपना काम कर रही है।मुख्यमंत्री अगर बेदाग हैं तो फिर क्यों भागते फिर रहे। क्यों नहीं ईडी के समन का सम्मान कर रहे। संवैधानिक पद पर बैठकर मुख्यमंत्री कानून को तोड़ रहे।फिर आम आदमी से कैसे नियम का पालन करवाएगी ये सरकार।
उन्होंने कहा कि ईडी को अब मुख्य मंत्री पर विधि सम्मत कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंडी एलायंस भ्रष्टाचार का एलायंस है।सारे भ्रष्टाचारी मोदी जी के खिलाफ एकजुट हो रहे।जनता इस बात को समझती है।इसलिए आनेवाले दिनों में जनता इसका जवाब ईवीएम मशीन में देगी।
उन्होंने कहा कि देश और राज्य की जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने केलिए संकल्पित है। 2024में एन डी ए गठबंधन को झारखंड की 14लोकसभा सीट पर विजय दिलाएगी।केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *