डब्ल्यूजेएआई झारखंड ने जिला स्तर पर संगठन विस्तार अभियान को दी गति

रांची (गणादेश) : रांची प्रेस क्लब में शुक्रवार को डब्ल्यूजेएआई (वेब जर्नालिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया) की झारखंड प्रदेश इकाई की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के राज्यव्यापी विस्तार, जिला स्तर पर नई इकाइयों के गठन तथा वेब पत्रकारों को संगठित और सशक्त मंच उपलब्ध कराने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड के सभी जिलों में शीघ्र सक्रिय जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कार्यकारिणी ने संगठन विस्तार अभियान को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार कर वेब पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा पेशेवर सशक्तीकरण की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक जिले में मजबूत एवं सक्रिय इकाइयों का गठन करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में वेब पत्रकारिता की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में वेब पत्रकारों को एकजुट कर उनके अधिकारों की रक्षा करना, पेशेवर विकास के अवसर उपलब्ध कराना तथा पत्रकारिता के उच्च मानकों को सुदृढ़ करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समन्वय, सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ संगठन विस्तार अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश महासचिव पूर्णेदु पुष्पेश, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन एवं मुकेश कुमार, प्रदेश सचिव पंकज जैन, कार्यालय सचिव राजीव कुमार सिंह तथा कार्यसमिति सदस्य सुमित रॉय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचा शीघ्र तैयार करने, अधिकाधिक सक्रिय वेब पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा पूरे राज्य में संगठन को मजबूत और प्रभावी स्वरूप प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में विभिन्न जिलों में संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिला स्तर पर बैठकें आयोजित कर स्थानीय वेब पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, पत्रकार हितों की रक्षा तथा राज्यभर में मजबूत संगठनात्मक संरचना विकसित करने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *