मोबाइल नंबर नहीं देने पर विधवा महिला की हत्या, गांव के ही युवक ने कनपटी में मारी गोली
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मोबाइल नंबर नहीं देने पर एक 26 वर्षीय विधवा महिला की हत्या गांव के ही युवक प्रकाश मंडल ने कर दिया। घटना गंगा पार पुलिस जिला नवगछिया थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव के बालू टोला वार्ड नंबर तीन की है। घटना के सबंध में बताया गया कि हत्यारा अक्सर विधवा महिला को राह चलते छेड़ता रहता था। महिला के विरोध के बाद भी उसकी हरक़त पर विराम नहीं लग रहा था। गोली उस समय मारी गई जब वह अपने दुकान पर बैठी हुई थी। गोली कनपटी मारी गई। गोली आर-पार हो गयी और मौके पर ही सांसों की डोर टूट गई।
घटना के संबंध में मृतका के चाचा ससुर ने बताया कि मेरे बडे भाई की बहू छोटा-मोटा रोजगार कर अपना घर चलाया करती थी। गांव के ही प्रकाश मंडल पिछले कुछ दिनों से बहू के साथ छेडछाड़ करने का प्रयास करता था।
बुधवार की रात्रि को भी दुकान में जबरदस्ती छेड़छाड़ कर रहा था व मोबाइल नंबर मांग रहा था। जिसमें दोनों के बीच कुछ कहासुनी भी हुई। सुबह बहू ने गांव समाज के सभी लोगों को इसकी जानकारी दी। आठ बजे सुबह वह दुकान पर थी, इसी बीच प्रकाश मंडल हाथ में हथियार लहराते हुए आया और माथे में गोली मार दिया। गोली लगते ही बहू गिर गयी। मैंने प्रकाश मंडल को पकड़ कर उसका हथियार छीन लिया। लेकिन गुलो मंडल ने उसे छुड़ा कर भगा दिया।
मृत महिला के पति की मौत चार-पांच वर्ष पूर्व कोरोना काल में ही हो गयी थी। मृतका के दो बच्चे हैं जिसमें एक सात वर्षीया पुत्री व एक पांच वर्ष का पुत्र है। पुत्र अपने ननिहाल सिंहेश्वर स्थान मधेपुरा में रहता है।मृतका के ससुर की भी मौत हो गयी है। मृतका जीविका से ऋण लेकर घर पर दुकान ही चला कर अपनी सास व अपने बच्चों का परवरिश किया करती थी।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा बना कर शव को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पोस्टमार्टम हेतु भेजा। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हत्या, लूट जैसे कई मामलों में वह जेल की हवा खा चुका है। गोपालपुर थाना से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है।



