मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर युवाओं के बीच चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान

खूंटी: मतदान प्रतिशत को बढ़ाने एवं मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर शनिवार को नगर पंचायत क्षेत्र स्थित सेनिटेशन पार्क में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान कौशल विकास केंद्र के छात्र-छात्राओं के माध्यम से विशेष रूप से युवा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी अमित कुमार केशरी, प्रोजेक्ट असिस्टेंट यूएनडीपी सुश्री एंजेलिना कुजूर, रिसेप्शनिस्ट जिला जनसम्पर्क कार्यालय वसीम अकरम समेत अन्य कर्मियों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं एवं आमजनों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य भी है। लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान अवश्य करें तथा अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर सभी को यह जानकारी दी गई कि 23 फरवरी 2026 को नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान संपन्न होगा। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के दिन अपने घरों से निकलकर निर्भीक एवं उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें, ताकि नगर पंचायत के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति उत्साह देखा गया और उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *