रिम्स में सुरक्षा का ट्रॉमा : पुलिस की आंखों में धूल झोंक फरार हुआ शातिर बाल कैदी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रांची (गणादेश) : झारखंड के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान, राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार की सुबह रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती एक बाल कैदी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। चोरी के आरोप में निरुद्ध इस किशोर की तलाश में पुलिस अब खाक छान रही है। मिली जानकारी के अनुसार, फरार किशोर रांची के डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह (ऑब्जर्वेशन होम) में बंद था। दो दिन पूर्व उसने पेट में असहनीय दर्द की शिकायत की थी। सुधार गृह प्रशासन ने मानवीय आधार और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उसे इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह जब अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों और नर्सों की आवाजाही जारी थी, उसी दौरान मौका पाकर किशोर वहां से रफूचक्कर हो गया।

हाल ही में किया था आत्मसमर्पण

फरार बाल कैदी रांची के खलारी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। उस पर इलाके में हुई एक बड़ी चोरी की घटना में संलिप्त होने का गंभीर आरोप है। पुलिस द्वारा लगातार दी जा रही दबिश और परिवार पर बढ़ते दबाव के कारण उसने चार दिन पहले आत्मसमर्पण किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में सुधार गृह भेजा गया था, लेकिन महज चार दिन के भीतर ही वह हिरासत से भागने में सफल रहा।

जांच के घेरे में सुरक्षाकर्मी

हॉस्पिटल जैसे संवेदनशील और व्यस्त स्थान से एक कैदी का भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। घटना के बाद अस्पताल और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस अब रिम्स परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि किशोर के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की भूमिका की भी आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *