SIR के विरोध में राजभवन घेराव में खूंटी से पहुंचे तीन हजार कार्यकर्ता

खूंटी : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बुधवार को राजभवन के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में खूंटी जिले से करीब तीन हजार झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पार्टी के खूंटी जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने किया।
प्रदर्शन में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा और तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने SIR की प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें रखीं। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग भी उठाई गई।
जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि SIR के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए। खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की, ताकि कोई योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न हो।
बताया गया कि खूंटी जिले से पहले करीब दो हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन प्रदर्शन में लगभग तीन हजार कार्यकर्ता पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *