झामुमो के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे हजारों कार्यकर्ता

खूंटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा की खूंटी जिला इकाई द्वारा बुधवार को नगर भवन में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिनोद कुमार पांडेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी इस तरह की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया पर नजर रखें और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटने दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने पर लोग अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो सकते हैं।
जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि सम्मेलन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है, जिससे संगठन और मजबूत होगा। तमाड़ विधायक विकास मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी कार्यकर्ताओं से एसआईआर को गंभीरता से लेने और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व बिनोद कुमार पांडेय और अन्य नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, सरदार भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। सम्मेलन में एसआईआर को लेकर ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *