जहाज घाट पर बैरिकेडिंग, सीढ़ियों पर बालू की बोरियां, मोटरबोट, गोताखोरों की टीम रहेगी तैनात
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर: आगामी श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों की समीक्षा हेतु आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक समीक्षा भवन, भागलपुर में हुई, जिसमें भागलपुर व बांका जिला पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी भागलपुर डॉक्टर नवल किशोर चौधरी द्वारा जानकारी दी गई कि श्रावणी मेला इस वर्ष 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें प्रतिदिन 2 से 2.5 लाख श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर देवघर तक की पदयात्रा करते हैं।
मार्ग एवं मूलभूत व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले के अंतर्गत 14 किलोमीटर कांवरिया मार्ग की सफाई, बिजली, स्वास्थ्य, एवं पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।
अस्थाई एवं स्थाई शौचालय, ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव, तीन शिफ्ट में सफाईकर्मी, एवं फूड इंस्पेक्टर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है।बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर तथा नियंत्रण कक्ष स्थापित होंगे।
गंगा घाट की सुरक्षा के संबंध में उन्होंने बताया कि
जहाज घाट पर जाली युक्त बैरिकेडिंग, सीढ़ियों पर बालू की बोरियां, तथा 24×7 मोटरबोट निगरानी की व्यवस्था की गई है। गोताखोरों की टीम भी तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं को सही मूल्य पर सामान मिल सके इसके लिए दुकानदारों के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे कि उन्हें अपनी दुकानों पर रेट चार्ट लगाना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित ब्रांड के खाद्य सामग्री का ही उनके द्वारा उपयोग होगा। सड़क के किनारे दोनों ओर पीली पट्टी के भीतर ही दुकान लगाने का निर्देश है। श्रावणी मेला के दौरान संपूर्ण कांवरिया पथ में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए अस्थाई स्वास्थ्य शिविर कांवरिया मार्ग पर लगेंगे। संपूर्ण कांवरिया कच्ची पथ पर पथ निर्माण विभाग द्वारा बालू का पटवन किया जाएगा तथा हर दो घंटे पर पानी का छिड़काव किया जाएगा।
आयुक्त महोदय ने इसके लिए जगह-जगह पर पर्याप्त संख्या में टैंकर की व्यवस्था रखने तथा जगह-जगह पर अभी से ही बालू का पर्याप्त मात्रा में भंडारण कर लेने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया की सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा भागलपुर श्रावणी मेला क्षेत्र में पांच जगह पर सूचना केंद्र, दो विभागीय प्रदर्शनी तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए संपूर्ण कांवरिया पथ में होर्डिंग, फ्लेक्स लगाए जाते हैं तथा नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवाया जाता है। कावरिया गण की सुविधा के लिए उन्हें महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर से संबंधित लीफलेट्स भी सूचना केंद्रों पर उपलब्ध कराया जाता है ।
बांका जिले की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी श्री नवदीप शुक्ला द्वारा बताया गया कि बांका में 55 किलोमीटर कांवरिया पथ पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्था की जा रही है। वन विभाग द्वारा कांवरिया पथ में प्रकाश की व्यवस्था, ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा सफाई की व्यवस्था की जाएगी एवं मद्यनिषेध अभियान के तहत जगह-जगह पर इनहेलर से जांच की व्यवस्था तथा श्रम संसाधन विभाग द्वारा बाल श्रम पर निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कांवरिया पथ पर 15 जगह सूचना केंद्र की स्थापना की जाती है, जिसमें खोया – पाया व्यक्तियों की सूचना लगातार प्रसारित की जाती है. इसके साथ ही दो स्थानों पर विभागीय प्रदर्शनी तथा महत्वपूर्ण विश्राम स्थलों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाता है। सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का फ्लेक्स एवं होर्डिंग के माध्यम से प्रचार करवाया जाता है।
रेलवे की विशेष व्यवस्था के संबंध में डीआरएम श्री शिव मोहन प्रसाद ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान जमालपुर-सुल्तानगंज, जमालपुर-देवघर, एवं गोड्डा-देवघर रूट पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
सुल्तानगंज में सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का 2 मिनट का ठहराव रहेगा, रेलवे स्टेशन पर 40 सीसीटीवी, 600 यात्रियों की क्षमता वाला विश्राम स्थल की व्यवस्था रहेगी एवं वॉच टावर से संपूर्ण रेलवे परिसर की निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा एवं सतर्कता को लेकर आयुक्त महोदय ने कहा कि ड्यूटी पर सभी अधिकारी अलर्ट रहेंगे और उनके द्वारा किसी भी कॉल को तत्काल रिसीव करने के निर्देश दिए गए ।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि सुलतानगंज में गुरुवार को कांवरिया, रविवारको डाक बम और सोमवार को स्थानीय श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहती है। इन तीन दिनों विशेष सुरक्षा इंतजाम होंगे।
आयुक्त ने तैयारियों को संतोषजनक बताते हुए कार्यों को समय पर पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह मेला देश के महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों में से एक है, इसका देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
बैठक में बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा, भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, बांका के अपर समाहर्ता श्री अजित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राज कुमार सहित तमाम संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया गया।



