श्रावणी मेला का भव्य उद्घाटन 28 जुलाई को सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे
भागलपुर।श्रावणी मेला-2026 का भव्य उद्घाटन 28 जुलाई को अपराह्न 3 बजे सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उद्घाटन समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस बार प्रशासन की तैयारी सिर्फ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन तक सीमित नहीं है। लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल देने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने पेयजल और स्वच्छता को लेकर बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र और कांवड़िया पथ पर 710 पुरुष एवं महिला शौचालय, 10 दिव्यांग अनुकूल शौचालय, 30 मूत्रालय और अतिरिक्त 150 प्री-फैब्रिकेटेड अस्थायी शौचालय लगाए गए हैं। सभी स्थानों पर 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 35 नए हैंडपंप लगाए गए हैं। पूरे कांवड़िया पथ पर फिल्टरयुक्त पेयजल की व्यवस्था की गई है। जलापूर्ति बनाए रखने के लिए 10 जल टैंकर तैनात किए गए हैं, जबकि दो वाटर एटीएम भी स्थापित किए गए हैं। सीढ़ी घाट पर विशेष अतिथियों के लिए आधुनिक वीआईपी शौचालय बनाया गया है।
श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा को देखते हुए कमराय में 400 लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की गई है। पीएचईडी की टीमें पूरे मेले के दौरान 24×7 निगरानी करेंगी, ताकि पेयजल या स्वच्छता से जुड़ी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
इधर, श्रावणी मेला-2026 का भव्य उद्घाटन 28 जुलाई को अपराह्न 3 बजे सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उद्घाटन समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, बिजली, नियंत्रण कक्ष और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम मेला अनुभव मिल सके।


