टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने के निर्देश

रांची:स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान समेत स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सभी जिलों के सिविल सर्जन और एनएचएम के अधिकारी शामिल हुए।अपर मुख्य सचिव ने जिन जिलों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उन्हें 24 घंटे के भीतर आवश्यक सुधार कर सूचनाएं वेबसाइट पर अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीबी मरीजों को निक्षय पोषण योजना की लंबित राशि तत्काल उनके बैंक खातों में भेजने को कहा।उन्होंने एनएचएम के संविदा, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं के लंबित मानदेय एवं वेतन का भुगतान प्राथमिकता से करने तथा 30 सितंबर तक के लंबित भुगतान का निपटारा करने का निर्देश दिया। दीपावली से पहले सभी कर्मियों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में 108 एंबुलेंस की भी समीक्षा हुई। सात वर्ष से अधिक पुरानी, डेढ़ लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी और अनुपयोगी एंबुलेंसों को नियमानुसार नीलाम कर अस्पताल परिसरों से हटाने का निर्देश दिया गया।
सभी अस्पतालों में दीपावली से पहले रंग-रोगन, मरम्मत, साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई पूरी करने को कहा गया। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *