15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन, सीएम हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

रांची: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का समापन समारोह सोमवार को हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
अंकिता भकत को भी किया सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महिला वर्ग में CISF और पुरुष वर्ग में ITBP अव्वल
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने 37 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि असम राइफल्स और BSF ने 23-23 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने 53 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
मुख्यमंत्री ने सभी विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड (AIPSCB) की प्रतिनिधि मीणा भारती, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे एवं मनोज कौशिक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य अतिथि और विभिन्न पुलिस टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *