बाबूलाल मरांडी की राजनीति अब केवल “आरोप पत्र” बनकर रह गई है : विनोद पाण्डेय

गणादेश,रांची :झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मरांडी जी की राजनीति अब केवल “आरोप पत्र” बनकर रह गई है। वे अफवाह और सांप्रदायिकता फैलाकर प्रासंगिक बने रहना चाहते हैं, लेकिन झारखंड की जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में राज्य लूट-खसोट, घोटालों और बेरोजगारी का अड्डा बन गया था, वही आज नैतिकता और ईमानदारी का पाठ पढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुमला की घटना को भाजपा नेता जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा की राजनीति शांति को तोड़कर नफरत फैलाने पर टिकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार की जननी है—कोयला घोटाले से लेकर परीक्षा लीक तक भाजपा ने झारखंड की छवि धूमिल की। वहीं, युवाओं और बच्चों की चिंता जताना भाजपा का केवल ढोंग है। उनके शासनकाल में युवाओं को बेरोजगारी और पलायन ही मिला, जबकि हेमंत सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर ठोस काम कर रही है।
अंत में पांडेय ने कहा कि भाजपा चाहे जितना झूठ फैलाए, जनता हेमंत सरकार के साथ है और आने वाले समय में भाजपा को और कड़ा सबक सिखाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *