झारखंड के नर्सिंग एवं मेडिकल छात्रों के लिए खुलेंगे अमेरिका के द्वार, जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ जल्द होगा ऐतिहासिक MoU : डॉ. इरफान अंसारी
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित Georgia State University के साथ झारखंड सरकार के स्टेट नर्सिंग कॉलेजों एवं मेडिकल संस्थानों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण सहयोग (MoU) की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस समझौते के बाद झारखंड के आदिवासी, मूलवासी एवं अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को अमेरिका में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, रिसर्च एवं स्किल डेवलपमेंट का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में आज Georgia State University के Director, International Center for Public Policy Mr. Charles R. Hankla एवं उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की विस्तृत एवं सकारात्मक बैठक हुई। बैठक में मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, रिसर्च, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान Mr. Charles R. Hankla ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान उनकी टीम ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का अध्ययन किया है। आज झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि RIMS-2 जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) का सहयोग मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी झारखंड के छात्रों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, रिसर्च और अकादमिक सहयोग उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र की अपार संभावनाएं हैं और यह भविष्य में देश का प्रमुख Health Hub बन सकता है। आधुनिक तकनीक, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण झारखंड तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी जैसे विश्वस्तरीय संस्थान का झारखंड के साथ जुड़ना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को स्वास्थ्य, शिक्षा, आईटी और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। हाल ही में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार की स्कॉलरशिप योजना के माध्यम से झारखंड के मेधावी नर्सिंग एवं मेडिकल छात्रों को अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा, जहां वे एक वर्ष तक आधुनिक चिकित्सा तकनीक, एडवांस नर्सिंग, रिसर्च एवं स्किल डेवलपमेंट का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण पूरा कर ये छात्र वापस झारखंड लौटेंगे और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में नर्सिंग एवं मेडिकल छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर पहल नहीं हुई, लेकिन अब महागठबंधन सरकार युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार खोल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह केवल एक MoU नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, रोजगार, आधुनिक चिकित्सा शिक्षा और वैश्विक पहचान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे झारखंड के छात्र विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगे।
“हमारा सपना है कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और गरीब परिवारों के बच्चे भी विश्व की सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटियों में पढ़ें, सीखें और अपने राज्य को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं हाईटेक बनाएं। यही नए झारखंड की दिशा और हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।” – डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड।


