बीस लाख का इनामी नक्सली रविन्द्र गंझू गिरफ्तार

लातेहार : लातेहार पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए झारखंड सरकार और एनआईए द्वारा कुल 20 लाख रुपये के इनामी भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमिटी सदस्य रविन्द्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेन्द्र गंझू को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी एसपी कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों को दी।

एसपी ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी, कि रविन्द्र गंझू अपने दस्ते के साथ बेतर ओपी क्षेत्र के हेसला बांझी टोला, रंगुनिया और कुडु इलाके में सक्रिय है। सूचना के आधार पर 12 जुलाई 2026 को लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा-209 बटालियन के संयुक्त विशेष अभियान दल का गठन कर सघन छापेमारी की गई। अभियान के दौरान बांझी टोला के समीप जंगल से रविन्द्र गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों ने एके-56 रायफल, उसकी दो मैगजीन, 180 जिंदा कारतूस, एक 7.65 एमएम ऑटोमैटिक पिस्टल, दो मैगजीन, 12 कारतूस, एक सिंगल बैरल देशी रायफल, 5.56 एमएम के 21 कारतूस, .303 के 16 कारतूस तथा अन्य सामान बरामद किए।

पुलिस के अनुसार रविन्द्र गंझू उम्र (43) पिछले करीब 30 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था और वर्तमान में चंदवा, गुमला तथा लोहरदगा क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न थानों में 154 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि वह कई नक्सली मुठभेड़ों में शामिल रहा है तथा लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने, आम लोगों और सुरक्षा बलों पर हमले जैसी अनेक घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है।

रविन्द्र गंझू पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपये तथा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *