दुष्कर्म का आरोपी 3 घंटे में गिरफ्तार,पुलिस की सक्रियता ने दिलाया न्याय
भागलपुर। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी, लेकिन पुलिस की तेज़ कार्रवाई ने स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 21 जून को बबरगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक मोहम्मद साकिब ने दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बबरगंज थाना कांड संख्या 116/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर तथा नगर पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस उपाधीक्षक – 02 राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की। महज तीन घंटे के भीतर नामजद अभियुक्त मोहम्मद साकिब (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी बबरगंज, को विधिवत रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही, पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए इस मामले में स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। FSL टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए एवं पीड़िता का विधिवत चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इस कार्रवाई में बबरगंज थानाध्यक्ष पुअनि रविशंकर कुमार सहित पुअनि अनिशा राज, शुभम कुमार, प्रताप कुमार एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है।



