स्वच्छता के प्रति जागरूकता हेतु “स्वच्छांदोलन रैली का आयोजन किया गया

रांची : रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को “स्वच्छांदोलन रैली” का आयोजन किया गया।

यह रैली कचहरी चौक से प्रारंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम तक निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार एवं नगर आयुक्त सुशांत गौरव द्वारा किया गया। इसके साथ ही स्वच्छ रांची की ब्रांड एम्बेसडर, मिस यूनिवर्स झारखंड 2025, सुश्री रिया तिर्की ने भी इस रैली में उपस्थित रही।

इस अवसर पर, रैली प्रारंभ होने से पूर्व महापौर महोदया द्वारा उपस्थित सभी नागरिकों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

रैली के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता का स्पष्ट संदेश दिया गया तथा कचरे के स्त्रोत स्तर पर पृथक्करण (गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करने) के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में समाज के हर वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे सामूहिक प्रयास के माध्यम से स्वच्छ रांची के लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प मजबूत हुआ। नगर निगम का उद्देश्य है कि सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता के बल पर रांची को स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार, उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, सहायक नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *