वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी और प्रशासक मृत्युंजय नारायण सिंह नहीं रहे, खेल जगत में शोक की लहर
भागलपुर। बिहार वॉलीबॉल जगत की एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी शख्सियत, बिहार वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष एवं 60 – 70 के दशक के राष्ट्रीय खिलाड़ी मृत्युंजय नारायण सिंह का मंगलवार की रात 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लगभग दस दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे।गौरतलब है कि भवनाथपुर निवासी सिंह ने अपने जीवन के पांच दशकों से अधिक समय वॉलीबॉल को समर्पित किए। खिलाड़ी, प्रशासक और मार्गदर्शक – हर भूमिका में उन्होंने खेल की बेहतरी को प्राथमिकता दी। बुधवार को बरारी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार उनके पुत्र अनुपम और अभिजीत ने किया। बड़ी संख्या में खेल जगत से जुड़े लोग, परिजन और प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।बिहार वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष आनंद राजहंस, सचिव रामाशीष प्रसाद सिंह, इवेंट सचिव अजय राय, उपाध्यक्ष निखिल कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ‘बिहार ने एक समर्पित खिलाड़ी, कुशल खेल प्रशासक और सच्चे खेल प्रेमी को खो दिया है। मृत्युंजय बाबू का योगदान अमूल्य है।’संघ के कोचिंग सेक्रेटरी नील कमल राय ने बताया कि सिंह ने जीवनभर खेल और खिलाड़ियों की उन्नति को सर्वोच्च महत्व दिया। वे लंबे समय तक भागलपुर जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव और बिहार वॉलीबॉल संघ में उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित कई अहम पदों पर सक्रिय रहे। बिहार और भागलपुर के विभिन्न खेल संघों के सदस्यों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।



