गंगा में डूबे दो मासूम, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

@ सुल्तानगंज में गंगा स्नान के दौरान हादसा, घर से टीवी देखने के बहाने निकले थे बच्चे।

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर।जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान दो मासूम बच्चे डूब गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी थी। यह हृदयविदारक हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ।

टीवी देखने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों :
डूबने वाले बच्चों की पहचान मसदी पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी राकेश यादव के 12 वर्षीय पुत्र अंकेश कुमार और वार्ड संख्या 1 निवासी रोहन कुमार के 14 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार उर्फ पियूष के रूप में हुई है। दोनों बच्चे टीवी देखने की बात कहकर घर से निकले थे लेकिन गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

प्रशासन ने चलाया सर्च ऑपरेशन :
घटना की सूचना पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सुभाष कुमार ने प्रशासन को तुरंत सूचित किया। मौके पर अंचलाधिकारी रवि कुमार, बीडीओ संजीव कुमार एवं थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ पहुंचे।एसडीआरएफ की टीम और नाविकों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। नाविक शंकर कुमार की सहायता से अंकेश का शव बरामद कर लिया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरे बच्चे विशाल की तलाश अब भी जारी है।

मां की चीत्कार से फटा दिल :
मृतक अंकेश की मां पिंकी देवी ने बिलखते हुए कहा, मेरा बेटा टीवी देखने की बात कहकर निकला था, अब वो कभी लौटकर नहीं आएगा।”

जन प्रतिनिधि पहुंचे मौके पर, दी सांत्वना :
घटना की जानकारी मिलते ही जन संसद के संरक्षक अजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता व अन्य राहत उपलब्ध कराई जाए।

सीओ बोले – जल्द ढूंढ़ लेंगे दूसरा बच्चा
सीओ रवि कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को सक्रिय किया गया। एक बच्चे का शव मिल चुका है, दूसरे की तलाश लगातार जारी है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी खोज लिया जाएगा।
गांव वालों ने उठाई सुरक्षा की मांग :
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि छुट्टियों के दौरान बच्चे नदी में नहाने जाते हैं, ऐसे में गश्ती और निगरानी की सख्त जरूरत है।प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है और परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *