रांची: युवक की पिटाई और अपहरण का प्रयास, गोलीबारी से दहशत

रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यानगर में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें एक युवक को बेरहमी से पीटा गया और अपहरण करने की कोशिश की गई। इस दौरान तीन से चार राउंड गोलीबारी भी हुई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक सन्नी कुमार की पत्नी ने इस मामले को लेकर सुखदेवनगर थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने अपनी शिकायत में गोली चलाने वालों की पहचान अजय यादव उर्फ लालू यादव और संजय यादव के रूप में की है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर सन्नी की बुरी तरह पिटाई कर रहे हैं और जबरन उसे कहीं ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान फायरिंग भी की जाती है, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *