राहुल ने कहा-भाजपा सत्ताग्रही और कांग्रेस सत्याग्रही-तपस्वी की पार्टी

रायपुर : कांग्रेस के 85वें राष्‍ट्रीय अधिवेशन के तीसरे और आखिरी दिन राहुल गांधी ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया। साथ ही भाजपा को सत्ताग्रही और कांग्रेस को सत्याग्रही और तपस्वी की पार्टी बताया।
भारत जोड़ो यात्रा के अपने अनुभव को साझा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं सोचता था कि फिट हूं, 20-25 किलोमीटर चल लूंगा, लेकिन यात्रा शुरू होते ही घुटने का पुराना दर्द लौट आया और 10-15 दिनों में मेरा अहंकार खत्म हो गया। भारत माता ने मुझे संदेश दिया-तुम अगर कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने निकले हो तो दिल से अहंकार मिटाओ, वर्ना मत चलो।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम हैं सत्याग्रही और भाजपा सत्ताग्रही है। वे लोग सत्ता पाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। मैंने अदाणी से पूछा कि वो 106 नंबर से 2 पर कैसे पहुंचे? राहुल ने कहा कि मैंने संसद में एक उद्योगपति के खिलाफ मोर्चा खोला। मैंने एक फोटो दिखाई, जिसमें मोदीजी अडाणी के साथ प्लेन में बैठे हैं। मैंने पूछा रिश्ता क्या है? तो भाजपा सरकार के सभी मंत्री अडाणी की रक्षा करने लग गए। अडाणी पर हमला करने वाला देशद्रोही और अडाणी देशभक्त बन गए। भाजपा और संघ उस व्यक्ति की रक्षा कर रहे हैं, सवाल ये है कि रक्षा क्यों कर रहे हैं। ये जो शेल कंपनियां हैं, हजारों करोड़ रुपया हिंदुस्तान भेज रही हैं, ये किसकी हैं? इसमें किसका पैसा है, जांच क्यों नहीं हो रही है, जेपीसी क्यों नहीं बन रही है?
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस तपस्वी लोगों की पार्टी है। चार महीने की तपस्या से बहुत अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इस तपस्या को बंद नहीं होने देना है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता इस तपस्या में शामिल होंगे और अपना खून-पसीना देश को देंगे। जैसे ही हम तपस्या में खड़े होंगे, पूरा देश हमारे साथ तपस्या में खड़ा हो जाएगा क्योंकि ये देश तपस्वी का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *