मेयर और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान तेज, गली-गली और घर-घर पहुंच रहे उम्मीदवार
गणादेश,रांची :झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के साथ ही रविवार से मेयर और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में निकलकर मतदाताओं के घर-घर पहुंच रहे हैं और समर्थन की अपील कर रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर और भोपू बजाने की अनुमति सोमवार, 9 जनवरी से दी गई है, इसके बावजूद कई प्रत्याशी ई-रिक्शा पर भोपू लगाकर प्रचार करते नजर आए।
शहर के विभिन्न वार्डों में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है। प्रत्याशी गलियों में घूमकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। प्रचार के दौरान कहीं नागपुरी लोकधुनों पर आधारित चुनावी गीत बजाए जा रहे हैं, तो कहीं हिंदी और बांग्ला भाषा में तैयार प्रचार गीतों के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की जा रही है। कई उम्मीदवार हाथ जोड़कर वोट की अपील कर रहे हैं, वहीं कुछ प्रत्याशी अपने चुनावी एजेंडे और विकास कार्यों को लेकर जनता से चर्चा करते दिख रहे हैं।
मेयर पद के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों ने भी प्रचार की रणनीति तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को बारियातू स्थित एक होटल में बैठक आयोजित कर भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो की जीत सुनिश्चित करने को लेकर मंथन किया। बैठक में प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ और शीर्ष नेता मौजूद रहे और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
वहीं कांग्रेस ने भी मेयर प्रत्याशी रमा खलखो को जिताने के लिए संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बूथ स्तर पर प्रचार अभियान को मजबूत करने की रणनीति बनाई। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
दूसरी ओर झामुमो समर्थित मेयर प्रत्याशी सुजीत विजय कुजुर को लेकर पार्टी स्तर पर सक्रियता कम नजर आ रही है। हालांकि झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता मनोज पांडेय ने दावा किया है कि मेयर चुनाव में पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी ताकत से झामुमो समर्थित प्रत्याशी की जीत के लिए मैदान में डटा हुआ है।



