भागलपुर स्टेशन पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ
भागलपुर।भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीन पर उतारते हुए पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आज “प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र” (PMBJK) का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह केंद्र स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र में स्थापित किया गया है।उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय अधिकारी सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्टेशन स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। केंद्र शुरू होते ही बड़ी संख्या में यात्रियों और आम लोगों ने किफायती दरों पर दवाएं प्राप्त कीं।
इस जन औषधि केंद्र का उद्देश्य यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल केंद्र सरकार की उस सोच को मजबूती देती है जिसके तहत “हर नागरिक को किफायती और असरदार स्वास्थ्य सेवाएं” उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन संचालित की जाती है। इस योजना के तहत उपलब्ध जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में काफी कम कीमतों पर मिलती हैं, जबकि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाता। रेलवे स्टेशनों पर ऐसे केंद्रों की स्थापना से इस योजना की पहुँच यात्रियों और आसपास के निवासियों तक और अधिक प्रभावी ढंग से हो रही है।



