मुरहू सीएचसी में कई मशीनें महीनों से बंद, डॉक्टरों की कमी: अरुण कुमार साबू

खूंटी : जिले के मुरहू पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य उपकरण लंबे समय से बंद पड़े होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है।
उप प्रमुख ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में कई ऐसी मशीनें हैं जो महीनों और वर्षों से उपयोग में नहीं आ रही हैं। कुछ मशीनों के संचालन के लिए आवश्यक टेक्नीशियन उपलब्ध नहीं हैं, वहीं कुछ मशीनों में संबंधित कंपनी द्वारा जरूरी सॉफ्टवेयर तक इंस्टॉल नहीं किया गया है। इसके कारण लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई मशीनें बेकार पड़ी हैं और धीरे-धीरे खराब होने की स्थिति में पहुंच रही हैं।
उन्होंने बताया कि दांत के इलाज के लिए लगाया गया डेंटल चेयर और उससे जुड़े उपकरण, जिसका उद्घाटन वर्ष 2025 में मुरहू प्रमुख और उप प्रमुख द्वारा किया गया था, आज तक चालू नहीं हो सका है। इसके अलावा ऑटोमेटिक ब्लड एनालाइजर मशीन भी अब तक शुरू नहीं हो पाई है, जबकि यह मशीन मरीजों के विभिन्न प्रकार की ब्लड जांच के लिए बेहद उपयोगी मानी जाती है। उप प्रमुख के अनुसार संबंधित कंपनी द्वारा मशीन को अब तक चालू नहीं किया गया है।
अरुण कुमार साबू ने बताया कि मुरह क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने करीब 60 प्रसव होते हैं। इसके बावजूद अल्ट्रासाउंड मशीन डॉक्टर और टेक्नीशियन के अभाव में लगभग बंद पड़ी रहती है। यह मशीन वर्ष 2023 में केवल कुछ दिनों के लिए ही संचालित हो पाई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फिलहाल केवल दो एमबीबीएस डॉक्टर ही कार्यरत हैं, जिससे पूरे केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है। ओपीडी की व्यवस्था भी अधिकतर आयुष डॉक्टरों के भरोसे चल रही है और रात की ड्यूटी में भी आयुष डॉक्टरों की संख्या अधिक रहती है।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने खूंटी की उपायुक्त, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने तथा बंद पड़ी मशीनों को जल्द चालू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *