जहरीली शराब ने औरंगाबाद के गांवों में छीनी 10 जिंदगियां

*कल हुई थी 3 मौतें

गणादेश ब्यूरो
औरंगाबाद : जिले के मदनपुर में बुधवार की सुबह फिर तीन लोगों की मौत हो गई। यहां 24 घंटे के अंदर मौत का आंकड़ा 10 पहुंच गया है। अस्पताल में भर्ती लोगों ने बताया कि उन्होंने पास के ही गांव में शराब पी थी। इसके बाद उल्टी- दस्त होने लगी। थोड़ी देर में आंखों से दिखाई देना बंद हो गया।
मरने वालों में विनय कुमार गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता, मनोज यादव, तथा रविन्द्र सिंह शामिल हैं। जबकि चौधरी मुहल्ला निवासी धनंजय चौधरी, बेरी निवासी मोहम्मद नेजाम, बेरी निवासी सुबोध सिंह उर्फ बुट्टू सिंह की हालत गंभीर है। उनका इलाज चंडीस्थान अस्पताल में किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मदनपुर इलाके में शराब से हुई मौत में सभी मृतकों में एक ही लक्षण देखे गए हैं। शराब पीकर घर पहुंचने के लगभग तीन से चार घंटे बाद उल्टी और सिर दर्द शुरू हुआ। उल्टी और सिर दर्द के बाद फिर आंखों से दिखाई देना बंद हो गया।
इसके बाद परिजन अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। किसी ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा तो किसी ने अस्पताल पहुंचकर। मंगलवार की शाम तक 7 मौत और सुबह तक 10 मौत के बाद मदनपुर, सलैया व आमस इलाके में पुलिस की छापेमारी काफी बढ़ चुकी है।

मदनपुर, सलैया व आमस इलाके में जहरीली शराब बंटने की बात प्रशासन ने भी स्वीकार किया है। प्रशासन का मानना है कि कुछ दिन पहले झारखंड से जहरीली शराब की खेप मदनपुर इलाके में पहुंची है। इसकी सलैया, आमस व मदनपुर इलाके में बिक्री की गई। इससे इलाके में इस तरह की घटना घट रही है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। औरंगाबाद की 10 टीम के साथ-साथ गया की पुलिस भी इलाके में गहन छापेमारी कर रही है और धंधेबाजों को पकड़ रही है। औरंगाबाद पुलिस अब तक लगभग 74 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

मदनपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी मनोज राम ने बताया कि शराब पीने से उसकी तबीयत बिगड़ी थी। सिर दर्द और चक्कर दे आया था। आंख में भी दर्द था। परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया। अभी ठीक हैं। आंख से भी दिखाई दे रहा है।
शराब पीने से तबीयत खराब होने के बाद शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती खिरियांवा निवासी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि खिरियावां में शराब पी थी। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। अभी कुछ ठीक हैं, लेकिन आंख से धुंधला दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *