पीएम मोदी कल रांची को देंगे रेलवे की दो नई सौगात, पिस्का नगरी स्टेशन का होगा लोकार्पण

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को झारखंड को रेलवे क्षेत्र में दो बड़ी सौगात देंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पिस्का नगरी और मुरी रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इसे झारखंड के रेल बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को पिस्का नगरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि पिस्का नगरी रेलवे स्टेशन को दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाए, जो अब साकार हो रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया।

संजय सेठ ने कहा कि पिस्का नगरी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और विस्तार से रातू रोड सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में झारखंड के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मंडल अध्यक्ष रितेश राज, विंध्याचल महतो, केदार महतो, डॉ. रमेश महतो, राकेश केसरी, हेमंत केसरी सहित रेलवे के डीआरएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *