भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अस्पताल में भर्ती पत्नी के लिए खाना ले जा रहे बुजुर्ग की मौत, बेटी की शादी पर छाया मातम
भागलपुर। जिले में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गोगरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी शिव शक्ति सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।जानकारी के अनुसार शिव शक्ति सिंह मायागंज अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी सुनीता देवी के लिए खाना लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बरारी थाना क्षेत्र के एनएच-भागलपुर रोड पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मोटरसाइकिल चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसकी पहचान सुर्खीकल निवासी सुनील कुमार के पुत्र किशन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।परिजनों ने बताया कि शिव शक्ति सिंह की पत्नी 9 नवंबर से मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार को वह उनके लिए भोजन लेकर जा रहे थे तभी यह दुर्घटना हो गई।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक की बेटी पूजा कुमारी की शादी 30 नवंबर को होने वाली थी। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दुर्घटना स्थल से मृतक की बाइक के पास पूजा की शादी का कार्ड भी मिला।



