खूंटी के हस्सा में दर्दनाक हादसा : सरकारी स्कूल में कुएं में गिरकर बच्चे की मौत, मुरहू उपप्रमुख ने जताई संवेदना
खूंटी : जिले के हस्सा स्थित एक सरकारी स्कूल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। खेलते समय एक मासूम बच्चा स्कूल परिसर में बने खुले कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
मुरहू प्रखंड उपप्रमुख अरुण साबू ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पहले भी पंचायत समिति की बैठक में हस्सा पंचायत समिति की सदस्य श्रीमती मनीषा ने उठाया था। उस समय पेयजल आपूर्ति विभाग के अभियंता ने फंड की कमी का हवाला देकर काम टाल दिया था। उपप्रमुख ने विभागीय लापरवाही को कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यदि हर विभाग जिम्मेदारी से और आपसी समन्वय के साथ काम करे, तो ऐसी घटनाएं कभी घटित नहीं होंगी।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि पूरे प्रखंड के सभी पंचायतों के स्कूलों की विस्तृत जांच की जाए। जहां-जहां स्कूल परिसर में कुआं या अन्य असुरक्षित स्थल हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार कर प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उपप्रमुख ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से यह भी निवेदन किया कि संबंधित विभागों से पत्राचार कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। वहीं अंचल अधिकारी से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि शीघ्र दी जाए।
उन्होंने जिला उपायुक्त से विशेष अपील की है कि पूरे जिले के सभी प्रखंडों के सरकारी स्कूलों की सुरक्षा की व्यापक जांच कराई जाए। यदि स्कूल परिसर में कुआं मौजूद है तो उसे चारदीवारी से घेरकर या जाली लगाकर बच्चों की सुरक्षा पुख्ता की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग समय रहते कार्रवाई करता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। अब लोगों की मांग है कि दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और स्कूल परिसरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।



