बकरीद पर्व पर लोगों ने दी बधाई, आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

सीतामढ़ी । बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर समाज में सौहार्द और भाईचारे का संदेश फैलाने हेतु मदरसा रहमानिया के पूर्व प्राचार्य मौलाना अब्दुल वदूद, मदरसा रहमानिया के पूर्व अध्यक्ष मो अरमान अली और शिक्षिका नुसरत खातुन ने क्षेत्रवासियों को दिल से मुबारकबाद दी और इस पर्व को शांति, प्रेम एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की।मो अरमान अली ने अपने संदेश में कहा, बकरीद केवल कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि यह हमें इंसानियत, सेवा और त्याग की भावना सिखाता है। ऐसे में हमारा फर्ज है कि हम इस त्योहार को भाईचारे और एकता के प्रतीक के रूप में मनाएं।प्रख्यात धर्मगुरु मौलाना अब्दुल वदूद ने कहा, ईद-उल-अजहा हमें हजरत इब्राहीम (अ.) की कुर्बानी की याद दिलाता है, जिन्होंने अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्यारी चीज भी न्योछावर करने से परहेज नहीं किया। यह पर्व हमें सिखाता है कि इंसान को अपने अंदर के घमंड, नफरत और स्वार्थ की कुर्बानी देकर सच्चाई, अमन और इंसाफ को अपनाना चाहिए।शिक्षिका नुसरत खातुन ने कहा कि बकरीद पर्व बच्चों और युवाओं के लिए सीखने का अवसर हैं। यह हमें सिखाता है कि कैसे हम अपने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए त्याग, सहयोग और समर्पण की भावना को अपनाएं। सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान और शांति का वातावरण बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।तीनों ही व्यक्तियों ने एक स्वर में कहा कि इस अवसर पर सभी को चाहिए कि वे अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और पर्व को संयम, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *