खूंटी में कई महीनों से वृद्धा पेंशन लंबित, बुजुर्गों के सामने भोजन और दवा का संकट,उप प्रमुख अरुण साबू ने डीसी को सौंपा जनहित आवेदन

खूंटी: जिले के मुरहू प्रखंड सहित विभिन्न प्रखंडों में वृद्धा पेंशन का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण बुजुर्गों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। पेंशन पर निर्भर रहने वाले वृद्धजनों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है। कई बुजुर्गों के लिए दो वक्त के भोजन की व्यवस्था करना और जरूरी दवाइयां खरीदना भी मुश्किल हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण साबू ने उपायुक्त को जनहित आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने कहा है कि वृद्धा पेंशन बुजुर्गों के लिए महज सरकारी सहायता नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक जीवन और बुनियादी जरूरतों से जुड़ी सामाजिक सुरक्षा है। महीनों तक भुगतान नहीं होने से वृद्धजन प्रखंड कार्यालय से लेकर संबंधित विभागों तक चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उप प्रमुख ने बताया कि उन्होंने प्रभावित वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा है। उनकी स्थिति बेहद चिंताजनक है और प्रशासन को इस दिशा में तत्काल पहल करने की जरूरत है।
अरुण साबू ने उपायुक्त से जिले के सभी प्रखंडों में पेंशन भुगतान की स्थिति की समीक्षा और जांच कराने की मांग की है। साथ ही लंबित पेंशन का बकाया भुगतान अविलंब सुनिश्चित करने, देरी के कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय करने का आग्रह किया है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि बैंक खाता, आधार सीडिंग, जीवन प्रमाण या अन्य तकनीकी कारणों से जिन बुजुर्गों की पेंशन रुकी हुई है, उनके लिए विशेष सहायता शिविर लगाए जाएं। इसके अलावा बीडीओ और सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारियों को समय सीमा निर्धारित कर लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया जाए।
उप प्रमुख ने प्रशासन से सबसे अधिक प्रभावित और असहाय वृद्धजनों की पहचान कर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *