नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन से झारखंड में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति : राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम

रांची : नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 का गुरुवार को सफल समापन हो गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश-विदेश की कई बड़ी औद्योगिक कंपनियों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और विभिन्न उद्योग समूहों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश एवं विकास के मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि यह कंसल्टेशन झारखंड के औद्योगिक, आर्थिक और तकनीकी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियां झारखंड में अपने उद्योग स्थापित करने की इच्छुक हैं। इससे राज्य में उद्योगों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के दौरान लगभग 87 हजार करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से आने वाले समय में हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में भी बड़ी कंपनियां झारखंड में अपने प्लांट और केंद्र स्थापित करेंगी, जिससे राज्य डिजिटल और तकनीकी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या और रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस आयोजन ने न केवल निवेशकों के बीच झारखंड की नई पहचान बनाई है, बल्कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *