सांसद कालीचरण मुंडा पहुंचे अड़की, पूर्व मुखिया मुर्गी मुंडा से मिलकर हाल-चाल जाना
खूंटी : खूंटी जिला मुख्यालय से 55 किमी दूर सुदूर जंगलों के बीच बसे और कभी घोर नक्सल प्रभावत गांव रहे अड़की प्रखंड के बोहोण्डा पंचायत अंतर्गत जलुगड़ा गांव खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा पहुंचे। यहां जाने का उनका मुख्य उद्देश्य था पूर्व मुखिया मुर्गी मुंडा से मिलना और उनका हाल-चाल जानना। सांसद पूर्व मुखिया के घर जाकर घंटे भर बैठे और मुर्गी मुंडा से बातचीत की। बता दें कि क्षेत्र के लिए हमेशा संवेदनशील रहे मुर्गी मुंडा लकवा के शिकार हो गए हैं और वे अब चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। इस अवस्था में भी पूर्व मुखिया समाज के लिए चिंतित रहते हैं। सांसद ने उन्हें इलाज में हर संभव मदद करने का आश्वासन देने के साथ उनके जल्द स्वस्थ्थ होने की कामना भगवान से की।
जिलुगड़ा गांव जहां आजादी के बाद पहली बार कोई सांसद पहुंचे थे। सांसद के गांव पहुंचने पर सनिका समद, सुजीत समद, रोतोन समद, कल्याण समद, बिरसा समद, रेला समद आदि ग्रामीणों ने प्रसन्नता जाहिर की। साथ ही सांसद को जिलुगड़ा गांव की समस्याओं से संबंधित एक आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने सांसद को दिए आवेदन में कहा है कि आज तक उनके गांव तक ना तो सड़क बनी है और ना ही बिजली पहुंची है।ग्रामीणों ने पुलिया से स्कूल तक और बुसुडीह से उपरटोली जिलुगड़ा तक सड़क बनवाने की मांग की। इसके साथ ही गांव में एक अखड़ा के पास चबुतरा, उपरटोली जलुगड़ा में जलमीनार, अधुरे स्कूल भवन का निर्माण कार्य पुर्ण कराने की मांग की है।
सांसद ने खूंटी लौटकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द सामाधान करने का निर्देश दे दिया है।



