सांसद ने किया मुरहू के स्कूलों का औचक निरीक्षण, शिक्षा सचिव से करेंगे बातचीत

खूंटी : खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने बुधवार को मुरहू प्रखंड स्थित संत मेरी बालिका उच्च विद्यालय और पीएमश्री लक्ष्मी नारायण प्लस टू स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा एवं वरिष्ठ कांग्रेसी मो. नईमुद्दीन खां भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सांसद ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा कई कमियों पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि दोनों स्कूलों की स्थिति को लेकर वे गुरुवार को शिक्षा सचिव से बातचीत करेंगे।

संत मेरी बालिका उच्च विद्यालय में सातवीं से दसवीं तक 470 छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि 12 शिक्षक कार्यरत हैं। सांसद ने कमरों की कमी और जर्जर सभागार भवन का निरीक्षण किया तथा मरम्मत के लिए आवेदन देने को कहा। विद्यालय की स्वच्छता और अनुशासन की उन्होंने सराहना की।

इसके बाद पीएमश्री लक्ष्मी नारायण प्लस टू स्कूल का निरीक्षण किया गया, जहां कुल 814 विद्यार्थी नामांकित हैं। प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल भवन जर्जर हो चुका है और बारिश में छत से पानी टपकता है। सांसद ने लाइब्रेरी, प्रयोगशाला और वोकेशनल सेंटर का निरीक्षण किया तथा हाई स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों की कम संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि संसाधन होने के बावजूद कम नामांकन गंभीर विषय है, जिस पर विभागीय पहल जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *