दिल्ली धमाके के बाद भागलपुर स्टेशन पर बढ़ी

भागलपुर। दिल्ली में हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी कड़ी में बुधवार को मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष गुप्ता ने भागलपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल और पार्सल क्षेत्र तक सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को अलर्ट रहने के सख्त निर्देश दिया गया।

डीआरएम ने रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा – यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की और स्टेशन कर्मियों को सतर्क रहने की नसीहत दी। डीआरएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाया जाए, बल्कि तुरंत बम निरोधक दस्ते को सूचना दी जाए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद मालदा डिवीजन के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भागलपुर स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों की जांच तेज़ कर दी गई है और स्टेशन परिसर में माइक से लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएँ की जा रही हैं ताकि यात्री सतर्क रहें।

डीआरएम मनीष गुप्ता ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस या स्टेशन मास्टर को दें। उन्होंने कहा – सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों की भी ज़िम्मेदारी है। जनता की जागरूकता ही किसी बड़ी घटना को रोकने की सबसे बड़ी ताकत है।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियाँ चौकन्नी हो गई हैं। रेलवे जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। भागलपुर रेलवे स्टेशन का यह निरीक्षण इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे यात्रियों में सुरक्षा का विश्वास और प्रशासन की तत्परता दोनों झलकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *