मानसून सत्र किसानों के नाम : संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर

रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से 7 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान 4 अगस्त को सरकार सदन में अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बार का मानसून सत्र पूरी तरह किसानों को समर्पित रहेगा।उन्होंने कहा कि इस वर्ष मानसून झारखंड पर मेहरबान रहा है। अच्छी बारिश होने से कृषि कार्य में तेजी आएगी और किसानों को राहत मिलेगी। हालांकि, अत्यधिक वर्षा के कारण कई जगहों पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई किसानों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में पुल-पुलिया व सड़कें भी प्रभावित हुई हैंकिशोर ने बताया कि सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी दलों से आग्रह किया कि मानसून सत्र में किसानों की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सत्र किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए समाधान के ठोस प्रयास का मंच बनेगा।विपक्ष को सलाह देते हुए संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सत्र का समय सीमित है, इसलिए विपक्ष को इसका सदुपयोग करना चाहिए। केवल छोटा सत्र होने का पुराना राग अलापने के बजाय किसानों और जनहित के विषयों पर रचनात्मक बहस में हिस्सा लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि इस सत्र का हर दिन जनता के हित में उपयोग हो। इसके दौरान न केवल किसानों की समस्याओं पर चर्चा होगी, बल्कि जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मानसून सत्र बेहद फलदायी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *