झारखंड विधानसभा मानसून सत्र को लेकर सर्वदलीय बैठक, सुचारू संचालन पर जोर

रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के सफल संचालन को लेकर गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, आजसू के विधायक तिवारी महती, निर्दलीय विधायक जयराम महतो और राजद विधायक सुरेश पासवान सहित विभिन्न दलों के विधायक उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी मानसून सत्र को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने पर गहन चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से आग्रह किया कि वे सदन की गरिमा बनाए रखें और प्रश्नकाल के दौरान सरकार के उत्तर स्पष्ट एवं संतोषजनक हों। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा ही लोकतंत्र की सच्ची पहचान है, इसलिए सभी सदस्यों को गंभीरता और संयम के साथ भागीदारी करनी चाहिए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले सभी मुद्दों और सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विपक्ष के प्रत्येक प्रश्न का तार्किक और तथ्यपरक उत्तर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के विधायकों से अपील की कि वे शांतिपूर्वक और रचनात्मक तरीके से अपने विचार रखें, ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी अपेक्षा है कि मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच सार्थक बहस हो, जिससे राज्य के विकास, जनकल्याण और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जा सकें। सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने इस दिशा में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *