गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में गूंजा योग भारत की विरासत का संदेश

रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रांची महानगर द्वारा शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती शिशु मंदिर, न्यू एरिया मोरहाबादी परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और देश की इस अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थी परिषद रांची महानगर के मंत्री तुषार दुबे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह आत्मा और चेतना को जाग्रत करने की एक साधना है। यह भारतीय संस्कृति की धरोहर है, जो आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य और संतुलन का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी छात्रों को संबोधित किया और योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही योग को जीवन शैली का हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर में छात्रों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, भ्रामरी, ताड़ासन, वृक्षासन जैसे विभिन्न योगाभ्यास किए और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सही तकनीकों को सीखा। योग दिवस के इस आयोजन में विद्यार्थियों की सहभागिता और अनुशासन ने कार्यक्रम को विशेष सफलता प्रदान की। आयोजन की व्यवस्थाएं विद्यार्थी परिषद रांची महानगर द्वारा की गई थीं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आयोजकों ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *