विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर ERO एवं AERO के साथ बैठक संपन्न
भागलपुर। समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में तेजी लाना था। इसमें जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी ने क्रमवार तरीके से सभी निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जाना है। यदि मतदाता उसी स्थान का निवासी है और वहां निवास कर रहा है, तो उसे गणना प्रपत्र पर एक रंगीन फोटो चिपकाकर, स्वहस्ताक्षरित करना होगा, साथ ही 11 निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति संलग्न करनी होगी।
जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें केवल यह प्रमाण देना होगा कि वे उस समय मतदाता थे; ऐसे में अन्य दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी ERO एवं AERO को निर्देशित किया कि वे गणना प्रपत्रों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करें तथा समयबद्ध ढंग से उनका संग्रहण कराएं।



