पलामू में अवैध अफीम–पोस्ता खेती पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 एकड़ फसल विनष्ट
रांची: पलामू जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पांकी थाना क्षेत्र में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम और पोस्ता की खेती के खिलाफ सघन अभियान चलाकर करीब 8 एकड़ में लगी फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम आबून और बनरचुआं के सुदूर एवं जंगली वन क्षेत्र में की गई। लंबे समय से इन इलाकों में अवैध रूप से अफीम और पोस्ता की खेती किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस प्रशासन को मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त टीम का गठन किया गया और अभियान चलाया गया।
अभियान में पांकी थाना पुलिस, ताल पिकेट के पदाधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ वन विभाग के अधिकारी और कर्मी शामिल थे। टीम ने दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों में फैली अवैध फसलों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध अफीम और पोस्ता की खेती न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए भी घातक है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खेती में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वन अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे नशे से जुड़े किसी भी अवैध कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि पलामू जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।



