जेपीएससी छात्र आंदोलन: सीबीआई जांच की मांग पर अड़े अभ्यर्थी, आज शाम पांच छात्र बैठेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

आंदोलन को राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों के छात्रों का भी समर्थन मिल रहा है और लगातार अभ्यर्थी धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं।
धरना पर बैठे छात्र-छात्राओं ने कहा कि वे पिछले 11 दिनों से लगातार खुले आसमान के नीचे आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। छात्र नेता पीयूष सिंह, आशा कुमारी सहित अन्य अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार और अधिकारी छात्रों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनका कहना है कि हजारों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है, फिर भी सरकार संवाद करने से बच रही है।
अभ्यर्थियों ने घोषणा की कि मंगलवार शाम से पांच छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनका कहना है कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा राज्य ही नहीं, दूसरे राज्यों के छात्र भी उनके समर्थन में आगे आएंगे।


छात्रों की मुख्य मांग जेपीएससी और जेएसएससी की सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई से जांच, भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार तथा भविष्य में पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की है। उनका आरोप है कि राज्य की भर्ती व्यवस्था में भ्रष्टाचार गहराई तक फैल चुका है और निष्पक्ष जांच के बिना सच्चाई सामने नहीं आएगी।
इधर, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो भी छात्रों के समर्थन में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों से सीधे संवाद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, उनका अनशन जारी रहेगा। वहीं भूख हड़ताल पर बैठने वाले अभ्यर्थियों ने दोहराया कि उनकी सबसे प्रमुख मांग पूरे मामले की सीबीआई जांच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *