पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को झामुमो ने राज्यसभा चुनाव के लिए बनाया उम्मीदवार, 8 जून को करेंगे नामांकन

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी ने अपने केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है।
शनिवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ बैद्यनाथ राम की जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि बैद्यनाथ राम आगामी 8 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
बैद्यनाथ राम झारखंड की राजनीति का एक अनुभवी चेहरा रहे हैं। वे राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इससे पहले हेमंत सोरेन सरकार में उन्होंने शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य किया था। झामुमो में शामिल होने से पूर्व वे भाजपा में भी रह चुके हैं। भाजपा शासनकाल में अर्जुन मुंडा के नेतृत्व वाली सरकार में उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व निभाया था।
झामुमो द्वारा बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही राज्यसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और चुनावी रणनीतियों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *