बिहार चुनाव में झामुमो को मिला धोखा, झारखंड में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज
रांची: बिहार विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को राजद और कांग्रेस की ओर से सीट बंटवारे में धोखा मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महागठबंधन के सहयोगी दलों ने सीट शेयरिंग पर झामुमो को पूरी तरह अंधेरे में रखा। इससे नाराज होकर झामुमो ने बिहार की छह विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का एलान कर दिया।
हालांकि पार्टी ने जिन सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, उन पर अब तक किसी भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। टिकट की आस में रांची स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे दावेदारों को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला, जिससे वे निराश होकर वापस लौट गए। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि अगर पार्टी को अकेले चुनाव नहीं लड़ना था, तो मीडिया में इसकी घोषणा क्यों की गई।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि झामुमो की बिहार में संगठनात्मक स्थिति कमजोर है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। यही वजह रही कि इस बार राजद ने झामुमो को अपने कोटे से कोई सीट नहीं देना चाहा। पार्टी के वरिष्ठ नेता मानते हैं कि यह झटका झामुमो के आत्मसम्मान से जुड़ा मामला बन गया है।
इधर, झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के समीकरणों पर भी इसका असर पड़ सकता है। झामुमो ने संकेत दिए हैं कि बिहार चुनाव के बाद गठबंधन की समीक्षा की जाएगी। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बिहार में जो हुआ, उस पर विचार जरूरी है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल में बदलाव कर सकते हैं। बिहार में हुए इस “धोखे” के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

