होटवार जेल प्रकरण पर जेकेएलएम नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात
रांची: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने होटवार जेल यौन शोषण प्रकरण को लेकर राज्यपाल से मुलाकात कर उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की और ज्ञापन सौंपा| इस दौरान केंद्रीय संयुक्त संगठन महासचिव मनीष कुमार साहू ,कांके विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी फुलेश्वर बैठा, कुलेश्वर बड़ाइक भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांग की कि होटवार जेल में बंद कैदियों को नियम अनुसार उनके हक-अधिकार एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेल में बंद कैदी भी मानवाधिकार के दायरे में आते हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का शोषण या अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले में पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि जनता का विश्वास बना रहे।
मनीष कुमार साहू ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था और मानवाधिकार की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। यदि जेल के अंदर ही कैदी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।



